लखीमपुर खीरी। साहूकार की प्रताड़ना से तंग आकर शहर के मोहल्ला महराजनगर निवासी युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह युवक का लटकता शव देखा तो परिजनों ने पुलिस को सूूचना दी। परिजनों ने ब्याज के रुपयों को लेकर प्रताड़ित करने और आरोपी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
मोहल्ला महराजनगर निवासी प्रियांशु (25) का शव बुधवार की सुबह घर में फंदे से लटकता मिला। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनकर पास-पड़ोसी भी आ गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता ने एक साहूकार पर युवक को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।
तहरीर में कहा है कि बेटा प्रियांशु मंगलवार की रात किसी समय फंदे से लटक गया। बेटे को साहूकार सुनील रस्तोगी ने ब्याज के पैसों को लेकर धमकाया था, जबकि उधार ली गई मूल रकम मय ब्याज वह लौटा चुका था। बावजूद इसके साहूकार बेटे को प्रताड़ित कर रहा था। इसी वजह से उसने फांसी लगा ली। पुलिस ने आरोपी सुनील पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो दिन पहले की थी मारपीट, दी थी जान से मारने की धमकी
परिजनों के अनुसार, ब्याज के पैसों को लेकर सुनील ने दो दिन पहले प्रियांशु से झगड़ा भी किया था। परिजनों ने प्रतिदिन गाली-गलौज करने की बात भी कही थी। बताया कि ब्याज के रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दिया करता था। परेशान होकर उनके बेटे ने अपनी जान दे दी। उन्होंने साहूकार पर कार्रवाई की मांग की है।