लखीमपुर खीरी के तिकुनिया हिंसा के क्रॉस केस मामले की सुनवाई के दौरान एडीजे सुनील वर्मा की अदालत में गुरुवार को चौथे गवाह के रूप में हत्यारोपी लवकुश राणा ने बयान दर्ज कराए। बचाव पक्ष की ओर से वकीलों के कार्य विरत रहने के प्रस्ताव की बात कहते हुए स्थगन अर्जी दी गई। जिसे मंजूरी देते हुए अदालत ने लवकुश राणा से जिरह के लिए 14 अप्रैल की तारीख मुकर्रर की है।
अभियोजन पक्ष रखते हुए एडीजीसी शिवगोविंद राठौर ने बताया कि तीन अक्तूबर 2021 को तिकुनिया कस्बे में प्रदर्शनकारियों की भीड़ में शामिल लोगों ने हमला करते हुए दो भाजपा कार्यकर्ताओं सहित कई लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। एसआईटी की जांच के बाद गुरविंदर सिंह, कमलजीत सिंह, विचित्र सिंह सहित चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इसमें अब तक तीन गवाह पेश हो चुके हैं। अभियोजन की ओर से चौथे गवाह के रूप में चोटिल लवकुश राणा की गवाही पेश किया गया।
मुख्य परीक्षा के बाद जब जिरह करने के लिए बचाव पक्ष को बुलाया गया तो वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश सिंह मुन्ना ने जिला अधिवक्ता संघ की ओर से पारित किए गए न्यायिक कार्यों से विरत रहने के निर्णय की जानकारी देते हुए जिरह के लिए स्थगन अर्जी प्रस्तुत कर दी। जिसे मंजूरी देते हुए अदालत ने चौथे गवाह से जिरह के लिए 14 अप्रैल की तारीख मुकर्रर की है।