ममरी (लखीमपुर खीरी)। दक्षिण खीरी वन प्रभाग के मोहम्मदी रेंज में घास काटने गए एक युवक को बाघ ने हमला कर मार डाला। युवक का खून से लथपथ अधखाया शव मंगलवार रात करीब 10 बजे गन्ने के खेत से बरामद हुआ।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर निवासी टीकाराम का 22 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार मंगलवार दोपहर बाद करीब तीन बजे ग्राम नयागांव निवासी सिकंदर अली के फार्म हाउस के पास गन्ने के खेत में घास काटने गया था। खेत में छिपकर बैठे बाघ ने रोहित पर हमला कर उसे मार डाला। बाघ उसे आधा किलोमीटर दूर कठिना नदी के किनारे खींच ले गया। शरीर के कुछ हिस्से खाने के बाद बाघ उसे छोड़कर चला गया।
देर शाम तक वापस न आने पर ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। रोहित का पता न चलने पर परिजनों ने हैदराबाद थाना पुलिस और वनकर्मियों को सूचना दी। पुलिस और वनकर्मियों की मदद से तलाश करने के दौरान युवक का खून से लथपथ शव रात करीब दस बजे गन्ने के खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डीएफओ संजय विश्वाल ने वन कर्मियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश दिए। डीएफओ संजय विश्वाल ने बताया कि मृतक के आश्रितों को शासन की और से मिलने वाली हर संभव सहायता दिलाई जाएगी। उन्होंने रेंजर और वन कर्मियों को बाघ प्रभावित क्षेत्र में पेट्रोलिंग करते हुए निगरानी करने को कहा है।
एक सप्ताह में दूसरी मौत
मोहम्मदी रेंज में बाघ के हमले में एक सप्ताह के अंदर यह दूसरी मौत है। बाघ के बढ़ते हमलों से क्षेत्र में दहशत है। इससे पहले 12 जुलाई को गन्ने के खेत में घास काटने गए लक्ष्मीपुर गांव निवासी 69 वर्षीय बुजुर्ग बाबूराम को बाघ ने हमला करके मार डाला था।
इकलौती संतान था रोहित, पिछले साल हुई थी शादी
ममरी। बाघ के हमले मारा गया उदयपुर निवासी 22 वर्षीय युवक रोहित कुमार टीकाराम की इकलौती संतान था। पिछले वर्ष शादी हुई थी। अचानक मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।
प्रधान पति आलोक जायसवाल ने बताया कि मृतक के पिता टीकाराम तीन भाई हैं। टीकाराम के पिता रामचंद्र के नाम मात्र साढ़े पांच बीघा जमीन है। जमीन अभी तक रामचंद्र के नाम दर्ज है। तीनों भाई इधर-उधर मेहनत मजदूरी करके गुजर बसर करते हैं। रोहित अपने पिता के काम में हाथ बंटाता था। रोहित की शादी पिछले साल हुई थी।