तिकुनिया। कस्बे से सटे गांव सहनखेड़ा निवासी युवक को बाघ ने बाइक से खींचकर मार डाला। रविवार सुबह आठ बजे युवक मंझरा-खैरटिया रोड से गजियापुर स्थित रिश्तेदारी में जा रहा था। युवक की मौत से ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है। कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तो वन विभाग ने निगरानी तेज कर दी है।
गांव निवासी प्रकाश दिवाकर के 18 वर्षीय पुत्र आकाश दिवाकर पर खैरटिया मंझरा पूरब रोड पर बाबा कुटी से आगे घात लगाकर बैठे बाघ ने हमला कर दिया। बाघ उसे खींचकर झाड़ी में ले गया। आसपास के लोगों ने बाघ को हमला करते देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। वहां बहुत से लोग इकट्ठा हो गए। इस पर बाघ युवक को छोड़कर भाग गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
उत्तर निघासन रेंज बेलरायां के रेंजर बलवंत बहादुर सिंह ने बताया कि वनकर्मी, स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के जवानों के साथ लगातार बाघ की निगरानी की जा रही है। बाघ की लोकेशन पता करने के लिए कैमरे लगाए गए है। बाघ को पकड़ने के लिए पिंजड़े भी लगाए जाएंगे। डीएफओ कतर्नियाघाट आकाश वधावन ने बताया कि मौके पर रेंजर समेत वनकर्मियों का स्टाफ मौजूद है।