बाघ की उम्र दो से ढाई साल
वन अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की। शव का बारीकी से निरीक्षण किया। वनाधिकारियों के मुताबिक बाघ के सभी अंग सुरक्षित मिले हैं। बाघ की उम्र दो से ढाई साल है। अचानक हुई बाघ की मौत से वन विभाग सकते में है। बाघ के शव को मैलानी रेंज कार्यालय भेजा गया, जहां तीन पशु चिकित्सकों के पैनल से बाघ के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
पैनल में दुधवा के पशु चिकित्सक डॉ दयाशंकर, कतर्निया घाट के डॉ दीपक कुमार और अलीगंज पशु चिकित्सालय के डॉ सुरेश चंद्रा शामिल रहे। इस मौके पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक ( वन्यजीव) उप्र लखनऊ के प्रतिनिधि के रूप में दुधवा नेशनल पार्क उपनिदेशक डॉ रंगाराजू टी और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण ( एनटीसीए ) के प्रतिनिधि रोहित रवि आदि मौजूद रहे।
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक बी प्रभाकर ने बताया कि दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज की सलेमपुर बीट में एक नर बाघ का शव मिला है, जिसका तीन पशु चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा। बाघ के सभी अंग सुरक्षित मिले हैं।