बांकेगंज। मैलानी रेंज जंगल से निकले एक बाघ को बांकेगंज-कुकरा मार्ग पर देख दाेनों तरफ का यातायात थम गया। राहगीरों की सांसें अटक गईं। हालांकि राहगीरों के शोर मचाने पर बाघ छलांग लगाकर झाड़ियों में छिप गया।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन मैलानी रेंज जंगल से निकला एक बाघ शनिवार शाम करीब आठ बजे बरौंछा नाले से निकलकर लोहिया पुल के पास बांकेगंज-कुकरा मार्ग पर आ गया। बाघ को सड़क पर चहलकदमी करते देख गांव ग्रंट नंबर तीन जा रहे दिलेर सिंह, दीपू, रेहान आदि के होश उड़ गए।
इस बीच दोनों ओर काफी देर तक आवागमन ठप रहा। राहगीरों के शोर मचाने पर बाघ तेजी से भागकर छलांग लगाकर दक्षिण खीरी वन प्रभाग के गोला रेंज की कलिंजरपुर बीट जंगल में छिप गया। राहगीरों का कहना है कि पिछले करीब तीन माह से इस मार्ग पर लोगों और बाइक सवारों को हर दिन बाघ को चहलकदमी करते देख जा रहा है।
ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद वन विभाग के अफसरों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। इससे परेशान लोगों ने वन विभाग से बाघ को पकड़ने की मांग की है।