ममरी। हैदराबाद थाना और मोहम्मदी रेंज के बोझबा गांव में रविवार सुबह पांच बजे खेत में गन्ने की गुड़ाई कर रहे अयोध्या प्रसाद (48) पुत्र रामदत्त पर बाघ ने हमला कर दिया। हालत गंभीर देख उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। वहीं, बाघ के बढ़ते हमलों से क्षेत्रवासियों में दहशत है।
बाघ के हमले के बाद किसान को शोर मचाने पर बहुत से ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। शोरगुल होने पर बाघ अयोध्या प्रसाद को छोड़कर भाग गया। यहां से देवीपुर जंगल की दूरी मात्र एक किलोमीटर है। सूचना पर पहुंचे डिप्टी रेंजर राम नरेश वर्मा, फॉरेस्टर जगदीश वर्मा, रोहित श्रीवास्तव, प्रद्युम्न मिश्रा, नरेंद्र वर्मा आदि वन कर्मियों ने घायल को आनन फानन सीएससी गोला पहुंचाया। डॉक्टर में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
इस क्षेत्र में इंसानों पर बाघ का तीसरा हमला है। इससे पूर्व ग्राम विष्णु बेहड़ निवासी विजय कुमार और परेली निवासी 16 वर्षीय किशोर तौसीफ अख्तर को हमला कर बाघ ने गंभीर घायल कर दिया था। रेंजर नरेश पाल सिंह ने बताया कि बाघ की निगरानी में वन कर्मियों की टीम लगा दी गई है। उन्होंने गांव वालों को सतर्क रहने, गन्ने की सिंचाई, गुड़ाई सावधानी से करने की सलाह दी है। साथ ही बाघ दिखने पर वन कर्मियों को सूचना देने को कहा है।