बसारा में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
पसगवां। थाना क्षेत्र के बसारा गांव में सोमवार रात चोरों ने एक साथ तीन घरों में हाथ साफ कर दिया। चोर नकदी-जेवर समेत लाखों का माल उड़ा ले गए। एक ही रात में तीन घरों से चोरियां होने से ग्रामीण दहशत में हैं।
गांव बसारा निवासी शेर सिंह यादव के घर में घुसकर चोर दो सोने के हार, एक जंजीर, पांच अंगूठी, चांदी की पायल, बिछिया और खड़ुआ सहित करीब आठ लाख का सामान ले गए। दूसरी घटना गांव के अनेश सिंह के घर में हुई। चोराें ने शौचालय की दीवार के सहारे घर में घुसकर 48 हजार रुपये की नकदी, एक सोने की चेन, दो अंगूठी आदि सामान पार कर दिया।
वहीं नरसिंह यादव के घर से चोर एक सोने की चेन और दो अंगूठी उठा ले गए। चोरों ने ग्राम प्रधान के घर में भी घुसकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन गृहस्वामी के जाग जाने से उन्हें उल्टे पांव भागना पड़ा। पीड़ितों ने पुलिस को घटना की सूचना दी है। इससे एक दिन पहले चोरों ने पिपरोला कुंअरपुर में तीन घरों में नकब लगाकर हजारों रुपये का माल गायब कर दिया था। प्रशिक्षु सीओ स्वर्णिमा सिंह और थाना प्रभारी दीपक राठौर ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। संवाद