- पुरनपुर-खुटार के बीच बीती रात हुआ था हादसा, कई लोग हुए हैं घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
पलियाकलां। पलिया से माधोटांडा रिश्तेदारी में जा रहे एक परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद उनके घर में मातम पसरा है।
पीलीभीत में पूरनपुर-खुटार के बीच लौहंगापुर के पास हुए हादसे में एक ही परिवार के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हुई थी। पलिया के मोहल्ला बाजार निवासी 65 वर्षीय भगवान दास गुप्ता परिवार के बच्चों समेत 11 सदस्यों व ड्राइवर के साथ इनोवा से रिश्तेदारी में माधोटांडा गए थे। जहां से देर शाम को सभी लौट रहे थे। इस दौरान पूरनपुर खुटार रोड पर लौहंगापुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मर्सिडीज और इनोवा में भीषण टक्कर हो गई थी। हादसे में 65 वर्षीय भगवानदास, नगला निवासी कार चालक 40 वर्षीय धर्मेंद्र व चार वर्षीय बालक लक्ष्य की मौत हो गई थी, जबकि सोनी, कुंज गुप्ता, सीमा गुप्ता, उर्वशी, आरती, अन्नू, नीलू, दिव्यांशी, श्यामसती आदि लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इसमें से कुछ घायलों को बरेली रेफर कर दिया गया था। उधर, बालक लक्ष्य का पीएम न कराने के कारण देर रात उसका शव यहां पहुंच गया था। उसका सोमवार को अंतिम संस्कार किया गया। बाकी मृतकों के शव यहां नहीं पहुंचे हैं, जबकि घायलों का भी इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद भारी संख्या में मृतकों के घर लोगों की भीड़ लगी रही। मृतकों के शव देर रात तक आने की संभावना जताई गई थी। मृतकों के घर दूसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा।
पलिया के मृतक भगवानदास की फाइल फोटो।
पलिया के मृतक भगवानदास की फाइल फोटो।