तिकुनिया/लखीमपुर खीरी। असलहे के बल पर तिकुनिया के डांगा निवासी देवर-भाभी से लूटपाट करने वाले बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। लूटा गया मोबाइल, बैग व अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
तिकुनिया के डांगा निवासी कुलदीप यादव ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि मंगलवार की रात करीब आठ बजे वह पड़ोस में रहने वाली भाभी सुनीता मौर्य पत्नी रामनरेश के साथ सिंगाही मेले से बाइक से घर जा रहा था। डांगा मार्ग पर चांदनीपुर से थोड़ा आगे बढ़ने पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। मोबाइल छीनने की कोशिश की, विरोध करने पर असलहा लगाकर जान से मारने की धमकी दी। मोबाइल और भाभी का बैग लूट लिया। भाभी पर फायर भी किया।
बदमाशों ने तकियापुर के नाजिम से भी लूटपाट की थी। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की। बृहस्पतिवार को पुलिस ने भूलनपुर मजरा भेडौरी निवासी लवकुश वर्मा, प्रांजुल वर्मा और सुखनीपुरवा शारदानगर के आकाश वर्मा को पकड़ा है। अभियुक्तों के पास से लूटा गया मोबाइल, बैग, बाइक व अवैध असलहा बरामद किया है।