महाशिवरात्रि की शाम श्रद्धालुओं ने गोला गोकर्ण तीर्थ पर हजारों दीये जलाए, जिससे तीर्थ रोशनी से जगमगा उठा। दीयों के आगे बिजली की रोशनी भी फीकी पड़ गई। गोकर्णतीर्थ के तट पर हुए दीप यज्ञ में श्रद्धालुओं ने दीयों से फर्श पर भगवान गणेश की आकृति, स्वास्तिक, ऊॅं नम: शिवाय लिखा। तीर्थ के स्वच्छ जल में तैरते दीये और बीच में स्थित भगवान शंकर की विशाल प्रतिमा का जल में बना प्रतिबिंब लोगों को खूब लुभा रहे थे। साथ में बम भोले के जयकारे वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे। इस मौके पर शिवकुमार वाजपेई, दीपक सक्सेना, विजय कांत शुक्ल, पिंटू शुक्ल, प्रभाकर गुप्ता, संतोष सक्सेना, प्रमोद सक्सेना, रंजीत, धीरज, अंकित, सुरेश मिश्र आदि शिव भक्त मौजूद रहे।