लखीमपुर खीरी। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों ने बृहस्पतिवार की रात छाउछ में बंद पड़े तीन घरों को निशाना बनाया। मुख्य दरवाजे की कुंडी काटकर घर में घुसे चोर नकदी-जेवर सहित छह लाख से अधिक की चोरी कर ले गए।
छाउछ में कृषि भवन के पास रहने वाले विजय कुमार सोमवार को परिवार समेत गांव राजापुर-कैमहरा गए थे। घर बंद था। शुक्रवार की सुबह पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार ने मुख्य गेट का ताला टूटा होने की जानकारी दी। विजय और परिजन घर पहुंचे तो देखा कमरों का लॉक टूटा था। चोर अलमारी में रखे जेवर और 10 हजार रुपये चुरा ले गए थे।
चोरों ने विजय के घर से थोड़ी दूर पर किराए पर रहने वाले कमलेश कुमार और राकेश के घर का ताला भी तोड़ा। चोर कमलेश के घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी काटकर घर में घुसे और 10 हजार रुपये व सोने की एक अंगूठी चुरा ले गए। कमलेश ने बताया कि वह दो दिन पहले मिर्जापुर गांव गए थे। सुबह आए तो कुंडी टूटी मिली।
चोरों ने इसी घर के दूसरे हिस्से में रहने वाले राकेश के कमरे का ताला भी तोड़ा। 11 हजार रुपये नकदी-जेवर मिलाकर करीब 80 हजार रुपये की चोरी कर ले गए। राकेश को घटना की जानकारी सुबह हुई। एक ही रात तीन घरों में चोरी का पता चला तो पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों से जानकारी ली।
मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। अपराध निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। छाउछ में हुई चोरी का तरीका भी पूर्व की चोरियों के जैसा ही है।
कुंडी काटी और ताला फंसाकर चले गए चोर
चोरों ने तीनों घरों में एक ही तरीके से चोरी की। मुख्य दरवाजे का ताला न तोड़कर कुंडी काट दी। चोरी के बाद ताले को उसी कुंडी में फंसा दिया। जिससे दूर से देखने पर लगे कि ताला लगा हुआ है। पीड़ित विजय के भाई विमल ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार पहली बार में ताला लटका देख वापस चले गए थे। बाद में दोबारा गुजरे तो शक हुआ। नजदीक से देखने पर कुंडी काटे जाने की जानकारी हुई। वहीं, कमलेश को भी ताला टूटी कुंडी से लटकता मिला।
छाउछ में विजय के घर हुई चोरी में टूटी पड़ी अलमारी स्रोत:संवाद