ओयल। चोरों ने मंगलवार की रात ओयल चौकी के गांव पहाड़खांपुरवा के चार घरों को निशाना बनाया। 77 हजार रुपये नकदी व जेवर सहित लाखों का सामान चुरा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज किए और साक्ष्य जुटाए।
चोर सबसे पहले पहाड़खांपुरवा निवासी मुन्ना मास्टर के घर में घुसे। झाला, नथुनी, पायल आदि जेवर और 10 हजार रुपये नकदी चुरा ले गए। गांव के बीरेंद्र यादव के घर से पुत्री रीशू के जेवर व पांच हजार नकदी चोर कर ली। शारिक के घर से जेवर व 12 हजार नकदी और मनोज यादव के घर से 50 हजार रुपये व सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए। सुबह गृहस्वामियों ने घर का सामान अस्त-व्यस्त देखा तो होश उड़ गए।
सूचना ओयल चौकी पुलिस को दी। सीओ सिटी संदीप सिंह व थाना खीरी प्रभारी दिनेश कुमार सिंह व सर्विलांस टीम गांव पहुंची। खोजबीन के दौरान गांव से करीब 200 मीटर दूर खेत में बीरेंद्र के घर से चोरी किया गया बक्सा बरामद हुआ। चौकी इंचार्ज ओयल ओमप्रकाश सरोज ने बताया कि मामले की जानकारी मिली थी। चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाएगा।