बदमाशों की आहट पर रारी गांव में हुई दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग
सिकंद्राबाद। नीमगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक घर और चार दुकानों में सेंध लगाकर चोर नकदी समेत लाखों का सामान चुरा ले गए। उधर, रारी गांव में चोरों की आशंका में दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग भी हुई।
थाना क्षेत्र के शिवाला तिराहा पर दिनेश जायसवाल की शराब की दुकान में सेंध लगाकर चोर नकदी, शराब की कुछ बोतलें और शराब के करीब 35 हजार मूल्य के स्केनर चुरा ले गए। चोरों ने सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। चोरों ने अगला निशाना सरोज के घर को बनाया। मकान में सेंध लगाकर चोर कीमती सामान उठा ले गए। शिव कुमार के पान का खोखा तोड़कर चोर गुटखा चुरा ले गए। गुड्डू की परचून की दुकान में भी चोर सेंध लगाकर सामान चुरा ले गए। चोरी गए सामान का पीड़ित आकलन कर रहा है।
जगजीवन की दुकान में सेंध लगाकर चोर 40 ट्यूब और 10 टायर उठा ले गए। पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर सीओ मितौली अभय प्रताप मल्ल और नीमगांव पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया।
उधर, बेहजम चौकी क्षेत्र के रारी गांव में चोरों की आहट मिलने पर ग्रामीणों ने हवाई फायरिंग की। ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जवाब में बदमाशों ने भी कई राउंड फायरिंग की। हालांकि बेहजम चौकी इंचार्ज ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। फिलहाल नीमगांव क्षेत्र में अभी भी ग्रामीणों में चोरों की दहशत है।
चार दुकानों और एक घर में सेंघ लगने की सूचना मिली थी। हालांकि बहुत ज्यादा सामान की चोरी नहीं हुई है। रारी में फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पांचों घटनाएं नीमगांव थाना क्षेत्र में हुई हैं।
- अभय प्रताप मल्ल, सीओ मितौली