मैगलगंज। एक माह पूर्व चोरी से काटे गए चंदन के पेड़ की जड़ खोदने के लिए चोर दोबारा पहुंच गए। ग्रामीणों की आहट सुनकर चोर मौके पर खुरपी और शराब का पौवा छोड़कर भाग गए।
मैगलगंज थाना क्षेत्र के नकारा गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि एक माह पहले उनके घर के बगल में मंदिर की जगह में खड़ा चंदन का लाखों रुपये कीमत का पेड़ चोर काट ले गए थे। इसकी सूचना मैगलगंज पुलिस को दी गई थी लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बुधवार रात दोबारा चोर चंदन के कटे हुए पेड़ की जड़ को खोदने के लिए पहुंचे और खुरपी से जड़ की खुदाई करने लगे। ग्रामीणों की आहट सुनकर चोर वहां से भाग गए। चोर खुरपी और शराब का एक पौवा और गिलास मौके पर ही छोड़ गए। मैगलगंज पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से मिली चीजों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। संवाद