पसगवां। बरखेरियाजाट के अतुल मैरिज लान में मंगलवार को हुए विस्फोट की फोरेंसिक टीम ने जांच की है। जिसमें साफ हुआ है कि विस्फोट पटाखों से ही हुआ था। उधर, पुलिस लाॅन मालिक को क्लीन चिट देने के करीब है।
मंगलवार रात दस बजे लाॅन में बिजली की स्पार्किंग से आग लग गई। इससे वहां रखें पटाखों में विस्फोट हो गया। लाॅन की बिल्डिंग और दो कारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। पटाखों से आधा घंटे तक विस्फोट होते रहे। फायर ब्रिगेड ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। पुलिस इस मामले में लाॅन मालिक के बयानों को विवेचना का आधार बना रही है।
पुलिस ने बताया कि 27 अगस्त को लाॅन मालिक का जन्मदिन था। इसी दिन शाहजहांपुर से आतिशबाजी मंगाई गई थी, लेकिन मोहल्ले में एक व्यक्ति की मौत हो जाने के कारण जन्मदिन नहीं मनाया गया। यह पटाखे स्पार्किंग से दग गए। हालांकि, पुलिस की यह कहानी लोगों के गले नहीं उतर रही है। लोगों का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता होने के कारण पुलिस लॉन मालिक को बचा रही है। चर्चा है कि कुछ लोग दीपावली के लिए लॉन में पटाखे रखते हैं।