फरधान रेलवे क्रासिंग के पास लगी वाहनों की कतार संवाद
फरधान। ओवरलोड ट्रक से गन्ना गिर जाने और रेल पटरी की मरम्मत के चलते कस्बे की रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार को दिन में दो बार जाम लगा। वाहन कई घंटे तक जाम में फंसे रहे। लखीमपुर रोड पर एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन नजर आई। राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शनिवार की दोपहर करीब एक बजे लखीमपुर-गोला मार्ग से कुंभी चीनी मिल गन्ना ले जा रहे ओवरलोड ट्रक का 10 से 12 क्विंटल गन्ना फरधान रेलवे क्रॉसिंग पर गिर गया। इस वजह से जाम लग गया। गन्ना हटवाकर यातायात सुचारु किया ही गया था कि पटरी पर मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया। इससे रेलवे क्रॉसिंग फिर बंद कर दी गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार ने बिना किसी पूर्व सूचना के काम शुरू करा दिया और लगभग दो घंटे तक क्रॉसिंग बंद रखी। इस वजह से पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। वाहन कई घंटे तक जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने अपनी कार व बाइकों को सकतापुर द्वार की तरफ से गन्ना समिति नहर रोड से निकालना शुरू कर दिया।
जाम में फंसे डीएम-एसपी के वाहन भी
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फरधान थाने के समाधान दिवस में शामिल होने के बाद लखीमपुर वापस जाते समय डीएम और एसपी की गाड़ी भी जाम में फंस गई। अधिकारियों के वाहन करीब आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे। सड़क पर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण के कारण भी जाम खुलने में काफी दिक्कत आई।