वायरल फर्जी वीडियो में बाघ की तस्वीर।
- फोटो : LAKHIMPUR
बांकेगंज। जंगल से गुजरी सड़क पर दहाड़ते हुए चहलकदमी करते बाघ का वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो को गोला-कुकरा रोड का होना प्रचारित कर रहे हैं। जबकि वनाधिकारियों का कहना है कि यह वीडियो यहां का है ही नहीं। इसे गलत मंशा से साजिशन वायरल किया गया है।
जिस वायरल वीडियो को गोला-कुकरा रोड होने की बात प्रचारित किया जा रहा है, उस वीडियो में उस रोड की कोई पहचान नहीं है। इन दिनों दूर-दूर से आए कांवड़िये विभिन्न रास्तों से गोला पहुंच रहे हैं। इनमें गोला-कुकरा रोड भी शामिल है। कुछ शरारती तत्वों ने मंगलवार एक वीडियो वायरल किया है। जिसमें एक बाघ को जंगल किनारे सड़क पर टहलते हुए दिखाया गया है।
वनाधिकारियों का कहना है कि यह फर्जी वीडियो डराने के लिए किसी शरारती तत्व ने वायरल किया है। सच्चाई यह है कि यह वीडियो इस वन क्षेत्र का है ही नहीं। दक्षिण खीरी वन प्रभाग के डीएफओ संजय बिस्वाल ने बताया कि वीडियो फर्जी है। इसे किसी शरारती तत्व ने गलत मंशा से वायरल किया है। यह वीडियो पश्चिम बंगाल के सुंदरवन क्षेत्र का है। जो तीन साल पुराना है। अफवाह फैलाने वाले की तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।