चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान-संवाद
महेवागंज। सदर कोतवाली की महेवागंज चौकी क्षेत्र में चोरों का आतंक जारी है। चोरों ने बुधवार रात सिकंदरपुर गांव के तीन घरों को निशाना बनाया। जेवर व नकदी समेत करीब 15 लाख रुपये का सामान समेट ले गए। एक दिन पहले चोरों ने सिंगारपुर गांव में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
चोरों ने बुधवार की रात सिकंदरपुर गांव निवासी हानु प्रताप के घर को निशाना बनाया। तीन लाख के जेवर, आठ हजार की नकदी, कपड़े और बर्तन चुरा ले गए। वहीं रामजनम के घर से चोर छह लाख के गहने और 10 हजार रुपये नकदी और घरेलू सामान पार कर दिया। चोरों ने पड़ाेस के ही मनोज के घर पर धावा बोलते हुए पांच लाख के आभूषण और आठ हजार की नकदी चुरा ली। ग्रामीणों को सुबह चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जल्द खुलासे की बात कही है।
-
महेवागंज क्षेत्र में नहीं थम रही चोरियां
क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इनमें मोटर साइकिल से लेकर कार चोरी और घरों में चोरी की घटनाएं शामिल हैं। बीती 27 जुलाई हाजीपुरवा निवासी सलीम फज्र की नमाज पढ़ने मस्जिद गया था, वहां मस्जिद से बाइक चोरी हो गई। दो अगस्त की रात चफंदी के दो घरों में नगदी समेत लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। 24 अगस्त की रात भी गोकुलपुरवा के तीन घरों को चोरों ने निशाना बनाया। 27 अगस्त की रात सिंगारपुर में चोरों ने जमकर उत्पात मचाया था।
-
गैरजनपद स्थानांतरण के बाद भी नहीं छूट रहा कुर्सी का मोह
जिले में अभी कई ऐसे चौकी प्रभारी तैनात हैं, जिनका गैर जनपद तबादला हो चुका है। कुर्सी का मोह उनसे नहीं छूट रहा है। हाल यह है कि क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में इजाफा हो रहा है। अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं दिखाई दे रहा है। बता दें कि महेवागंज चौकी प्रभारी राहुल सिंह काफी समय से चौकी पर तैनात हैं। इनका गैर जनपद तबादला होने के साथ ही जीआरपी की तबादला सूची में भी नाम था लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी अब तक चौकी से रिलीव नहीं किए गए हैं।