थाना क्षेत्र नीमगांव के ग्राम अंडूबेहड़ निवासी कमल वर्मा रविवार की शाम बाइक से ससुराल से वापस आ रहा था। रास्ते में भीखमपुर में एक युवक ने उसे रोककर कहा कि उसके पिता बीमार हैं सिकंद्राबाद दवा लेने जाना है उसे भी लिए चलो। बाइक सवार कमल वर्मा ने उसे बाइक पर बैठा लिया। इस बीच सरायन नदी पुल के पास कमल वर्मा ने युवक को बाइक की डिग्गी तोड़कर पर्स निकालते हुए देख लिया लेकिन वह कुछ बोला नहीं। मौके की नजाकत भांपते हुए वह बाइक लेकर सीधे सिकंद्राबाद चौकी पहुंच गया। वहां उसने पुलिस को पूरी बात बताई। यह सुन पुलिस कर्मियों ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। तब तक चौकी में ग्रामीणों की भीड़ भी एकत्र हो गई। चौकी प्रभारी सिकंद्राबाद रामविलास यादव ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम विकास निवासी भीखमपुर थाना मितौली बताया है। पीड़ित के अनुसार पर्स में 50 हजार से अधिक के जेवरात थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया युवक शातिर चोर है।