जिले का पहला टीएचआर प्लांट बिजुआ ब्लॉक में हुआ शुरू
बच्चों को मिलेगा ताजा पोषाहार और महिला समूहों को रोजगार
लखीमपुर खीरी। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से कुपोषित बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को वितरित किए जाने पोषाहार का निर्माण जिले में करने की शुरुआत हो गई है। बिजुआ ब्लॉक के कस्बा भीरा में पहले टीएचआर (टेक होम राशन) प्लांट का रविवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह व सीडीओ अनिल कुमार सिंह द्वारा पूजा-अर्चना कर शुभारंभ कराया गया है, जबकि लखीमपुर, निघासन समेत कुल आठ ब्लॉकों में टीएचआर प्लांट निर्माणाधीन हैं।
जनपद में करीब 3600 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिनके माध्यम से लाखों बच्चों, गर्भवती महिलाओं व धात्रियों को प्रतिमाह पोषाहार वितरित किया जाता है। यह पोषाहार अब तक दूसरे शहरों से मंगाया जाता था। सरकार ने जिले में पोषाहार निर्माण करने के लिए पुष्टाहार निर्माण इकाई (टेक होम राशन) प्लांट लगाने की योजना बनाई, जिससे जनपद में कुल नौ टीएचआर प्लांट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया, जिससे सभी 15 ब्लॉकों समेत शहरी क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषाहार उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना से लाभार्थियों को ताजा पोषाहार मिलेगा और वहीं महिला समूहों को टीएचआर प्लांट के संचालन की जिम्मेदारी मिलने से उनकी सदस्यों को रोजगार मिलेगा।
बिजुआ ब्लॉक के ग्राम भीरा में बाल पोषण प्रेरणा लघु उद्योग स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित पुष्टाहार निर्माण इकाई (टेक होम राशन) प्लांट का रविवार को डीएम व सीडीओ ने शुभारंभ किया। इस प्लांट से पलिया व बिजुआ ब्लॉक के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषाहार उपलब्ध कराया जाएगा। डीएम-सीडीओ ने प्लांट को बटन दबाकर चालू करने के साथ ही उसमें अनाज डालकर पोषाहार निर्माण कार्य शुरू कराया है। डीएम ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं से नारी शक्ति लगातार आर्थिक समृद्धि की ओर बढ़ रही है। महिलाओं की समृद्धि में यह प्लांट बड़ी भूमिका निभाएगा। बच्चों को ताजा पोषाहार मिलने से कुपोषण मुक्त खीरी का सपना साकार होगा।
सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी के बच्चों, गर्भवती महिलाओं को बांटा जाने वाला पोषाहार अब स्थानीय स्तर पर पुष्टाहार निर्माण इकाई के जरिए समूह की महिलाएं तैयार करेंगी। स्थानीय स्तर पर पोषाहार तैयार होने से बाहर से मंगाने पर होने वाला खर्च बचेगा और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को रोजगार मिलेगा। इस दौरान डीएम ने प्लांट का निरीक्षण किया। इसके उत्पादन क्षमता आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में बीडीओ देवेंद्र प्रताप सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम राजेंद्र श्रीवास, डीपीओ सुनील कुमार श्रीवास्तव, सीडीपीओ, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।