भीखमपुर। मितौली के अवधपुर में महिला को बंधक बनाकर लूट की घटना का मुकदमा पुलिस ने आगजनी में दर्ज किया है। दर्ज रिपोर्ट में लूट का जिक्र तक नहीं किया। इस कार्यशैली से पीड़ित आक्रोशित हैं। नाराज पीड़ित ने मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही।
असलहों से लैस चार से पांच बदमाशों ने शनिवार की रात मितौली के अवधपुर निवासी स्वामीनाथ के घर धावा बोला था। स्वामीनाथ की पत्नी रेशमा को बंधक बनाकर लूटपाट की। महिला से चाभी लेकर दुकान का ताला खोला। 43 हजार रुपये नकदी व दो लाख रुपये के जेवर लूटकर दुकान में आग लगा दी। आग की चपेट में आकर स्वामीनाथ के भाई वशिष्ठ का सहज जन सेवा केंद्र भी जल गया। पीड़ित के अनुसार दुकान जलने से 40 से 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
पुलिस ने लूट की घटना को संदिग्ध माना और आगजनी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। लूटे का मुकदमा दर्ज न किए जाने से पीड़ित असंतुष्ट है। स्वामीनाथ और उनकी पत्नी रेशमा ने बताया कि अगर उनकी फरियाद नहीं सुनी गई तो एसपी और मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। थाना प्रभारी आलोक कुमार धीमान ने अलग ही तर्क दिया। कहा कि पीड़ित ने पहले 112 पर फोन कर आग की सूचना दी थी। इस वजह से आगजनी का केस दर्ज किया गया। फॉरेंसिक टीम और अग्निशमन टीम से जांच कराई जा रही है।