भीखमपुर। कस्ता भीखमपुर रोड पर लालपुर गांव के पास जंगल से निकले बाघ ने पशुबाड़े में बंधी एक बछिया को मार डाला। सुबह पड़ोस में गन्ने के खेत से बछिया के अवशेष और मौके पर बाघ के पगचिह्न मिले हैं।
कस्ता भीखमपुर रोड के गांव लालपुर निवासी बुद्धी ने सड़क के किनारे ही पशुबाड़ा बना रखा है, जिसमें पचास गोवंशीय पशु हैं। मंगलवार रात आंवला जंगल से निकलकर बाघ सड़क पार करके पशुबाड़े में पहुंच गया और एक बछिया को घसीटते हुए पास के गन्ने के खेत में ले गया। पशुबाड़े के पास बाघ देखकर पशु भागने और रंभाने लगे। पशुओं का शोर सुनकर पशुबाड़ा स्वामी बुद्धी शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागा।
गांव के लोगों के आने पर बाघ बछिया को गन्ने के खेत में खींच ले गया। सुबह बाघ के पगचिह्न और बछिया को खींच ले जाने के निशान मिले। सूचना पर पहुंचे वन दरोगा मायाप्रकाश ने बाघ होने की पुष्टि कर ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा है। वनविभाग ने पशुओं की देखभाल के साथ बाघ की लोकेशन के लिए टीम गठित कर मौके पर लगा दी है। संवाद