लखीमपुर खीरी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढखेरवा नानकार के फार्मासिस्ट पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाली किशोरी जांच के दौरान टीम के सामने मुकर गई है। उसने कहा कि उसके साथ कुछ नहीं हुआ है। हालांकि सीएमओ ने वीडियो वायरल होने के बाद ही फार्मासिस्ट का तबादला बांकेगंज सीएचसी के लिए कर चुके हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढ़खेरवा नानकार के एक गांव निवासी किशोरी बृहस्पतिवार को बुखार और दर्द की दवा लेने के लिए पीएचसी पहुंची थी। उसका रोते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। उसने फार्मासिस्ट पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। डिप्टी सीएम के आदेश पर सीएमओ ने रात में ही फार्मासिस्ट का तबादला सीएचसी बांकेगंज के लिए कर दिया और जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित कर दी। बताते हैं कि शुक्रवार को जांच के लिए पहुंची टीम को युवती ने लिखकर दिया है कि उसके साथ कुछ भी नहीं हुआ है। उसकी मां ने भी किसी तरह की घटना से इन्कार किया है।
फार्मासिस्ट पर जो आरोप लगे थे। जांच में उनकी पुष्टि नहीं हुई है। दवा लेने के दौरान किशोरी के साथ उसकी मां भी मौजूद थी। बयान में किशोरी ने फार्मासिस्ट के खिलाफ किसी तरह की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
-डॉ. संतोष गुप्ता, सीएमओ