लखीमपुर खीरी। 15 केंद्रों पर हुई पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन व्यवस्थाएं फेल हो गईं। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों ने घर की रहा पकड़ी तो उन्हें जाम से जूझना पड़ा। किसी तरह रेलवे स्टेशन पहुंचे तो पता चला कि ट्रेन छूट गई। किसी को बस नहीं मिली। सीट पाने के लिए धक्का-मुक्की तक सहनी पड़ी। शहर में कई जगह जाम लगा रहा।
परीक्षा में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार की शाम से ही परीक्षार्थियों का जिले में आना शुरू हो गया था। काफी संख्या में अभ्यर्थियों ने रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन पर रात गुजारी। धर्मशालाएं भी अभ्यर्थियों से भरी रहीं। जिसको जहां जगह मिली, रात गुजार ली। सुबह आठ बजे परीक्षा केंद्र पर एंट्री के बाद 10 से 12 बजे तक पहली पाली की परीक्षा कराई गई। पहली पाली की परीक्षा छूटने और दूसरे पाली के अभ्यार्थियों के आने की वजह से शहर के प्रमुख मार्गों की यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई।
रोडवेज बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन, मेला मैदान, राजापुर, एलआरपी, छाउछ, आर्य कन्या चौराहा, नौरंगाबाद आदि कई जगह जाम की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिसकर्मी अभ्यथिर्यों को राह दिखाते रहे। इस वजह से थोड़ी आसानी रही।
सीट पाना तो दूर बस में घुसना तक मुश्किल
रोडवेज बस में फ्री सफर था। ऐसे में अधिकांश अभ्यर्थियों का आना-जाना बसों से ही रहा। प्रत्येक बस पूरी तरह भरी नजर आई। परीक्षा छूटने के बाद बस में घुसने के लिए अभ्यर्थियों को धक्का-मुक्की झेलनी पड़ी। बसों में सीट पाना तो दूर घुसना मुश्किल रहा। सबसे ज्यादा दिक्कतें महिला अभ्यर्थियों को उठानी पड़ी। उनके साथ आए अभिभावक भी काफी परेशान हुए।
बरेली और पीलीभीत जाने वाले अभ्यर्थी ज्यादा परेशान
लखनऊ, सीतापुर मार्ग पर बसें तो खूब दौड़ी, लेकिन बरेली और पीलीभीत के लिए बसों की संख्या कम होने पर सबसे ज्यादा उस ओर जाने वाले अभ्यार्थियों को मुसीबत उठानी पड़ी। बरेली, पीलीभीत जाने के लिए अभ्यर्थियों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा। जब कोई बस आए तो उसमें घुसने के लिए धक्का-मुक्की तक करनी पड़ी।
-
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए लखीमपुर डिपो के लिए अलावा गोला डिपो की 30 बड़ी बसें ली गई थी। अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ती देख छह बसें और मंगाई गई, ताकि अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक आसानी से भेजा जा सके।
गीता सिंह, एआरएम