बकाया गन्ना भुगतान न होने से परेशान होकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया है।
राकिमसं के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा के नेतृत्व में तमाम पदाधिकारियों ने सदर चौराहा स्थित इंदिरा पार्क में एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन कर गन्ना आयुक्त के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार अभिमन्यु वर्मा को सौंपा है। ज्ञापन में कहा है कि जिले की गोला, पलिया और खंभारखेड़ा चीनी मिलों से बकाया गन्ना भुगतान न होने के कारण एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि शीघ्र भुगतान न होने पर 28 अप्रैल के बाद गन्ना समिति में किसी भी दिन धरना प्रदर्शन किया जा सकता है। वर्ष 1997-98 में गन्ना समिति गोला और फरधान द्वारा गन्ना मूल्य से विकास कमीशन की धनराशि की अनाधिकृत कटौती की थी। उच्च न्यायालय लखनऊ के आदेश के तहत 15 दिनाें में कटौती की रकम भी किसानाें को वापस करने को कहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि धरना प्रदर्शन में डेलीगेट और डायरेक्टरों को भी बुलाया गया था, किंन्तु वह लोग धरना प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए हैं जिससे संगठन के लोगों में रोष है। इस मौके पर रामसिंह वर्मा, राजू सिंह, महेंद्र वर्मा, रामनरेश सिंह, श्रवण यादव, देवलाल वर्मा, शंकरलाल वर्मा, रोशन कुमार वर्मा, मोहम्मद कमर सिद्दीकी, भाईलाल भारती, रहीमुद्दीन, रामकिशोर, अशोक वर्मा आदि मौजूद रहे।