सिकंदराबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ने वाली इंटर की छात्रा छुट्टी के बाद लापता हो गई। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।
थाना नीमगांव की सिकंदराबाद चौकी क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ने वाली इंटर की छात्रा लापता हो गई। छात्रा सुबह निर्धारित समय पर स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। वह स्कूल आई थी, इसकी पुष्टि स्कूल के प्रधानाचार्य ने भी की है। छुट्टी के बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो देर शाम परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान स्कूल से महज 50 मीटर की दूरी परिजनों को छात्रा की दिखाई दी। परिजन पुत्री के अपहरण की आशंका जता रहे हैं। परिजन ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद नीमगांव पुलिस ने स्कूल पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी मिली है। एसओ को निर्देश दिए गए हैं। छात्रा की सकुशल बरामदगी के लिए टीम गठित की गई हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। - शमशेर बहादुर सिंह, सीओ मितौली