गोला गोकर्णनाथ। जिले की धार्मिक नगरी छोटी काशी में पूरा नगर श्री रामचरितमानस की चौपाइयों से गूंजता रहा। दोपहर बाद खुटार रोड स्थित श्री राम भवन से रथ पर सजाकर भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई। लोगों ने इस खुशी में पुष्प वर्षा की।
नगर में विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड पाठ, भंडार एवं प्रसाद वितरण किया गया। अशोक चौराहा, विकास चौराहा सहित पौराणिक शिव मंदिर, अस्पताल, मकान, कोतवाली, प्रतिष्ठानों को भगवान श्री राम के स्वागत में आकर्षक सजाया गया। गोकर्ण तीर्थ, पौराणिक शिव मंदिर मां कात्यायनी सेवा समिति के तत्वावधान में हुए सवा लाख दीपकों के दीप उत्सव से जगमग किया गया।
वहीं संकट मोचन हनुमान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सपत्नीक सामूहिक सुंदरकांड पाठ किया, शाम को हुई आतिशबाजी के नजारे आकर्षण का केंद्र रहे। श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा की तिथि पौष माह की शुक्ल पक्ष द्वादशी को इस तरह पर मनाया गया कि जैसे दूसरी दीपावली मनाई जा रही हो। गोकर्ण तीर्थ के मध्य प्राचीन कुएं के जाल के ऊपर युवाओं ने आकर्षक रंगोली सजाई। युवा टोली को नाव के माध्यम से कुएं तक पहुंचाया गया। साथ ही थर्माकोल की सीट पर तैरते दिए भी आकर्षण का केंद्र रहे।
जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पूरा इलाका
बिजुआ। सोमवार को भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर पड़रिया तुला स्थित श्री बालाजी पावन धाम व ठाकुर द्वारा मंदिर को बहुत ही भव्य तरीके से सजाया गया। कीर्तनमयी सुंदर कांड पाठ व हवन हुआ। ठाकुर द्वारा मंदिर में तहरी का वितरण किया गया। शोभायात्रा बस्तौला, बस्तौली, गुलरिया, मुड़िया चौराहा होते हुए पड़रिया तुला कस्बे में पहुंची, जहां पर ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। संवाद
-
बांकेगंज में निकली शोभायात्रा
बांकेगंज। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मौके पर कस्बा के राधाकृष्ण और बांकेश्वर महादेव मंदिर से राम भक्तों ने जय श्रीराम के जयकारों के साथ शोभायात्रा निकाली। बाला जी महराज, पंचमुखी हनुमान मंदिर समेत छोटे बड़े मंदिरों पर पहुंचे। जहां भक्तों ने पूजा-अर्चना की। शोभायात्रा के समापन के बाद प्रसाद वितरण हुआ। राजीव कौशल,नौबत सिंह विनोद गोयल आदि मौजूद रहे। संवाद