मैगलगंज (लखीमपुर खीरी)। विश्व का सबसे महंगा आम मियाजाकी अब खीरी जिले में भी पैदा किया जा रहा है। यह आम मूलत: जापान का है। रहजनिया के एक प्रगतिशील किसान ने इस आम के चार पेड़ अपने फार्महाउस पर लगाए हैं। इन पर पहली बार फल आए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस आम का मूल्य ढाई लाख रुपये प्रति किलो से अधिक है।
मैगलगंज कस्बा के निकट रहजनिया गांव निवासी रवींद्र प्रताप सिंह पांच पौध मिस्र (इजिप्ट) देश से लेकर आए थे। इन पौधों को उन्होंने अपने फार्महाउस पर लगाया था। इनमें से चार पौधे अब पेड़ बन चुके हैं। ये पेड़ अब फलना भी शुरू हो गए हैं। मौजूदा समय में इन चार पेड़ों में करीब एक क्विंटल से अधिक आम पककर तैयार हैं।
इस आम की खासियत यह है कि यह अपने रंग और रूप में अद्भुत और बेहद सुंदर है। आम के जितने रंग उतने ही स्वाद। एक आम खाने पर इसमें तीन तरह का स्वाद मिलता है। इसमें रेशे नहीं होते। किसान रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया यह आम जापान का काफी लोकप्रिय आम है। एक आम का औसतन वजन 350 ग्राम तक होता है। उन्होंने बताया कि चारों पेड़ की देखरेख उन्होंने खुद फार्महाउस पर रहकर की।
रविंद्र कहना है कि यहां का वातावरण मियाजाकी आम के अनुकूल नहीं है। फिर भी कड़ी मेहनत से इन पेड़ों को तैयार किया है। इस अद्भुत आम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। अभी इस आम का यहां बाजार नहीं है। इसकी डिमांड कोलकाता, मुंबई, दिल्ली जैसे बड़े शहरों में ज्यादा है। फिलहाल वह इस बहुमूल्य आम की बिक्री के लिए बाजार तलाश रहे हैं। (संवाद)
किसान रवींद्र प्रताप सिंह
किसान रवींद्र प्रताप सिंह