दिव्यांग सुनील तथा उनकी माता मोनी देवी 91 में घर पर किया मतदान
लखीमपुर खीरी/ तिकुनिया। 85 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं का पोस्टल-बैलेट से मतदान कराया जा रहा है। पोलिंग पार्टियां इन मतदाताओं के घर-घर जाकर वोट डलवा रही हैं।
मंगलवार को तिकुनिया में एडीओ विजय कुमार, कानूनगो शंकर लाल, लेखपाल जेपी वर्मा व बीएलओ आशू कुमार की टीम ने दिव्यांग सुनील बंसल के घर पहुंचकर मतदान कराया। सुनील की 91 वर्षीय मां मोनी देवी अग्रवाल ने भी पोस्टल-बैलेट से मतदान किया। घर बैठे मतदान करने की खुशी मां-बेटे के चेहरे पर दिखी। जिले में अन्य स्थानों पर भी पोलिंग पार्टियों ने दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के घर पहुंचकर मतदान कराया।
दूसरे दिन 30 मतदाताओं ने घर बैठे डाले वोट
मितौली। दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के पोस्टल-बैलेट मतदान के दूसरे दिन मितौली क्षेत्र के 30 मतदाताओं ने वोट डाले। एसडीएम मितौली विनीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्र में कुल 65 मतदाताओं के घर जाकर मतदान कराना है। पहले दिन 33 और मंगलवार को 30 मतदाताओं ने मतदान किया है। सिर्फ दो मतदाताओं के वोट शेष हैं। संवाद
27 मतदाताओं ने किया मतदान
गोला गोकर्णनाथ। विधानसभा क्षेत्र के दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक उम्र की श्रेणी के 33 मतदाताओं में से 27 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तहसीलदार सुखबीर सिंह ने बताया कि इस श्रेणी के दो मतदाताओं का कुछ दिन पहले निधन हो गया। शेष चार में दो मतदाता मुंबई, एक शाहजहांपुर के अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। एक मतदाता अपनी रिश्तेदारी में गया है। अन्य सभी मतदाताओं का मतदान करा लिया गया है। संवाद
दिव्यांग सुनील तथा उनकी माता मोनी देवी 91 में घर पर किया मतदान