गृह राज्यमंत्री ने योजनाओं में गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के दिए निर्देश
लखीमपुर खीरी। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री सांसद अजय मिश्र टेनी की अध्यक्षता में हुई। समीक्षा की शुरुआत में विधायकों ने अपने क्षेत्र की सड़कों के निर्माण की मांग रखी। इस पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने प्रस्ताव शासन के पास लंबित होने की जानकारी दी। जल निगम द्वारा खोदी जा रही सड़कों को ठीक न कराए जाने का मुद्दा गरमाया।
कलक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के सामने सदर विधायक योगेश वर्मा ने नौवापुर में सेतु निर्माण की जरूरत का मुद्दा उठाया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने निर्देश दिए कि सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी विधायक से समन्वय स्थापित कर जरूरी कार्रवाई करें। विधायक ने बहराइच मार्ग पर संकेतक लगाने की बात कही, जिस पर एनएच के ईई शुभ नारायण ने बताया कि सर्वे कराकर जल्द संकेतक लगाए जाएंगे।
नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण का मामला उठाने पर मंत्री ने लोगों द्वारा गिट्टी, मौरंग, बालू डालकर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। विधायक मंजू त्यागी ने कहा कि सीएचसी फूलबेहड़ में रैंप न होने से द्वितीय तल का उपयोग नहीं हो पा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण विषय है। प्रशासन रैंप निर्माण के संबंध में कार्रवाई करते हुए उसका उपयोग सुनिश्चित कराए। उन्होंने ग्राम सिसौरा में चार मीटर चौड़ी सड़क को तीन मीटर बनाए जाने का मुद्दा उठाया। ब्लॉक प्रमुख पलिया ने दो ग्राम पंचायतों में नेटवर्क प्रॉब्लम के चलते डोंगल काम ना करने की बात उठाई, समाधान के लिए डीएम ने डीपीआरओ को निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने ग्राम देउवापुर में बन रहे नाले, खैरहनी में स्कूल बाउंड्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। जनप्रतिनिधियों ने पीडब्ल्यूडी के विभिन्न खंडों के अफसरों से उनके खंड में पड़ने वाले विभिन्न मार्गों जैसे मितौली से बड़ागांव, बड़ागांव से बेनीपुरवा, पतरासी से बसैगापुर, सैदीपुर हरैया, डिगनिया से गौरीफंटा, भीरा-कुकुरा मार्ग, गोला-बाकेगंज मार्ग, एलआरपी से इंदिरा मनोरंजन पार्क मार्ग, शाहजहांपुर से पलिया मार्ग, लखीमपुर-देवकली मार्ग, मेडिकल कॉलेज अप्रोच रोड, 200 बेडेड एमसीएच हॉस्पिटल अप्रोच रोड सहित तिकुनिया से बनवीरपुर, दुधवा से गौरीफंटा मार्ग पर सड़क किनारे इंटरलॉकिंग का निर्माण के लिए अब तक हुई कार्रवाई, निर्माण की प्रगति के बारे में सवाल उठाए।
जल निगम की खोदी सड़क का मुद्दा गरमाया, जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
लखीमपुर खीरी। केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी ने जल जीवन मिशन की समीक्षा कर पाइप लाइन डालने के बाद सड़क दुरुस्तीकरण की प्रगति जानी। जनप्रतिनिधियों ने संस्था के रवैये पर नाराजगी जताई। कहा कि जनता की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शीघ्र सड़कों की मरम्मत कराएं। मंत्री ने निर्देश दिए कि जितना संभव हो सड़क से दूर पाइप लाइन डाली जाए।
मंत्री के पूछने पर डीएम ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की फेजवार प्रगति बताई और अक्तूबर तक भवन चालू होने की बात कही। संचालन सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने किया।
बैठक में विधायक विनोद अवस्थी, जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह, एसपी गणेश कुमार साहा, एडीएम संजय सिंह समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री बोले, बीएसएनएल की बदनामी मत कराओ
केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी ने बीएसएनएल के अफसरों से प्रत्येक गांव तक इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचाने की प्रगति पूछी। बीएसएनएल के अफसर ने बताया कि पहले फेज में छह ब्लॉकों लखीमपुर, फूलबेहड़, ईसानगर, मोहम्मदी, बेहजम, पसगवां की 477 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों व परिषदीय स्कूलों में इंटरनेट कनेक्शन दिया गया है। शेष नौ ब्लॉकों में काम चल रहा है। इस पर डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने बताया केवल लाइन पहुंचाई है, डिवाइस कहीं नहीं लगी हैं। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बीएसएनएल सरकार की महत्वपूर्ण इकाई है, इसकी बदनामी मत कराओ। समयबद्घता के साथ गांव-गांव तक कनेक्टिविटी पहुंचाएं।