ममरी। घरेलू सामान खरीदने निकले हैदराबाद के बेहड़ा मुल्तान निवासी प्रियम वर्मा (18) का शव मितौली क्षेत्र में मड़रिया के पास सीतापुर ब्रांच नहर में उतराता मिला।
युवक के पिता मोरध्वज ने बताया कि रविवार शाम प्रियम घर का सामान खरीदने साइकिल से बाजार गया था। देर रात तक वापस न आने पर उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद भी पता न चलने पर सोमवार को हैदराबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
मंगलवार सुबह प्रियम का शव मितौली थाना क्षेत्र में मडरिया गांव के पास सीतापुर ब्रांच नहर के पानी में उतराता मिला। लेकिन उसकी साइकिल का अब तक पता नहीं चला है। पुलिस ने शव पानी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्रभारी निरीक्षक हैदराबाद चंद्रभान यादव ने बताया कि प्रियम की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगी। परिजनों ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है। प्रियम, मोरध्वज का इकलौता बेटा था।