गुस्साई भीड़ ने कार को सड़क पार धकेलकर पलटा, पुलिस ने किसी तरह शांत कराया मामला
पलियाकलां-बिजुआ। पलिया-भीरा रोड पर मझौरा गांव के पास मटैहिया निवासी प्रेम भार्गव के 10 वर्षीय पुत्र कुबेर को भीरा से आ रही अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बालक की मौत से गुस्साई भीड़ ने कार को धकेलते हुए रोड पार पलट दिया।
भीरा थाना क्षेत्र के मझौरा गांव से रविवार को कांवड़यात्रा निकल रही थी, जो शारदा से जल भरकर हरिद्वार जा रही थी। जल भरकर जब कांवड़िये सड़क पर आए तो ठाकुर बाबा के पास काफी भीड़ जमा हो गई, जहां मटैहिया गांव निवासी प्रेम भार्गव का 10 वर्षीय पुत्र कुबेर भी कांवड़ देखने के लिए खड़ा था। दोनों तरफ ढाबे होने के कारण भीड़ रोड पर आ गई। इसी दौरान भीरा की ओर से आ रही कार ने बालक को टक्कर मार दी। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
बालक की मौत से गुस्साई भीड़ ने चालक को पकड़ लिया, जबकि उधर से निकल रहे कांवड़ियों और भीड़ ने इनोवा में तोड़फोड़ करने के बाद उसे रोड किनारे पलट दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक को हिरासत में लेते हुए रोड पर लगे जाम को खुलवाया। घटना के बाद रोड पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं कांवड़ियों का जत्था निकलने के कारण काफी देर तक जाम की स्थिति रही। सूचना पर पहुंचे एसओ भीरा दीपक राठौर ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
पुत्र की मौत से मजदूर परिवार का हाल बेहाल
मृतक बालक के पिता पिता प्रेम भार्गव मजदूरी करके अपने तीन पुत्रों का पालन पोषण करते हैं, जिसमें कुबेर दूसरे नंबर पर था। बालक की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।