लखीमपुर खीरी। थाना ईसानगर क्षेत्र के कस्बा खमरिया स्थित एडवांटेज ग्रुप इकाई के पॉवर प्लांट के बॉयलर हेल्पर जिला देवरिया निवासी अमरनाथ पाल (४०) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव मिल के फिटर सुरेश शर्मा के आवास में मिला। सुरेश का कहना है कि वह उनके आवास पर सोने आया था। इसके बाद नहीं उठा। मौके पर पहुंचे मिल के डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चीनी मिल के पॉवर प्लांट के फिटर सुरेश शर्मा ने बताया कि बॉयलर हेल्पर अमरनाथ का दोस्त था। वह बुधवार की दोपहर एक बजे कमरे पर आया। सोने की बात कहकर बिस्तर पर लेट गया और सोने लगा। शाम चार बजे से ड्यूटी थी। इसलिए कमरे में बाहर से ताला डाल दिया और ड्यूटी पर चला गया। दो घंटे बाद जब दोबोरा कमरे पर पहुंचा और दोस्त अमरनाथ को उठाने की कोशिश की तो वह बेसुध पड़ा मिला। शरीर में कोई हरकत न होने पर मिल अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर मिल अधिकारी मिल के डॉक्टर के साथ कमरे पर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद अमरनाथ को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। चौकी प्रभारी महेश त्यागी ने बताया मृतक के शरीर पर कोई भी चोट आदि के जाहिरा निशान नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।