लखीमपुर खीरी। एक महीने से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी टमाटर के दाम में किसी प्रकार की गिरावट नहीं देखी जा रही है। मंडी के आढ़तियों का मानना है कि आने वाले कुछ दिनों तक दामों में किसी प्रकार की कोई गिरावट नहीं आएगी।
टमाटर की फसल प्रभावित हो जाने के बाद दामों में एकाएक बढ़ोतरी हो गई। हाल यह हुआ कि टमाटर 160 रुपये से लेकर 200 रुपये तक बाजार में बिका। एक महीना बीत जाने के बाद भी दामों में कमी नहीं देखी जा रही है। जब तब पर्याप्त मात्रा में आवक शुरू नहीं हो जाती है, दाम कम नहीं होेंगे।
टमाटर को छोड़कर अन्य सब्जियों के दाम कम हुए हैं। मौजूदा समय में लौकी 30 रुपये, भिंडी 40 रुपये, तोरई 30 रुपये, कटहल 30 से 40 रुपये, प्याज 30 रुपये, आलू 20 रुपये सहित अन्य सब्जियों के दामों में गिरावट हुई है। फिलहाल आने वाले कुछ दिनों तक लोग टमाटर का भरपूर स्वाद नहीं ले पाएंगे।
बर्बाद फसल और अब बरसात बनी कारण
बता दें कि टमाटर के दामों में किसी तरह की गिरावट न होने के पीछे मंडी के आढ़तियों का कहना है कि पहले टमाटर की फसल बर्बाद हो गई।जिसके चलते आवक कम हुई और अब बरसात के कारण भी दिक्कतें हो रही हैं। पहले मंडी में ट्रकों से टमाटर आता है। अब पिकअप में आ रहा है। दाम बढ़ने की वजह से बिक्री पर भी असर पड़ा है। पहले के मुताबिक, लगभग 30 प्रतिशत कम टमाटर बिक रहा है। आने वाले कुछ दिनों के बाद टमाटर के दाम कम होने की संभावना जताई जा रही है।