ओयल। तीन बाइक से आए छह हमलावरों ने रविवार सुबह करीब 9:30 बजे ओयल कस्बे के मोहल्ला शिवाला निवासी रामकिशन के घर पर हमला बोला। कई राउंड फायर किए। गोली लगने से रामकिशन की पत्नी कांति देवी और मां रामकली घायल हो गईं। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर हालत देख कांति देवी को लखनऊ रेफर किया गया है। घटना का कारण एक सप्ताह पूर्व ई-रिक्शे के ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
कस्बे के मोहल्ला शिवाला निवासी लकी जायसवाल पुत्र रामकिशन ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व उसके पिता रामकिशन अपने ई-रिक्शा से लखीमपुर की ओर जा रहे थे। तभी ओवरटेक को लेकर रामकिशन और बाइक सवार प्रांशू सिंह में कहासुनी हो गई। प्रांशू और उनके साथियों ने रामकिशन की पिटाई कर दी। इसी बात को लेकर बाद में प्रांशू और लकी में भी मारपीट हुई। मगर किसी भी पक्ष ने पुलिस में कोई शिकायत नहीं की।
इसी विवाद के चलते रविवार को प्रांशू सिंह व अभय सिंह निवासीगण साड़ीनामा, मोहल्ला एकतानगर के निखिल गुप्ता, निखिल अवस्थी और दो अज्ञात लोग बाइकों से लकी जायसवाल के घर जा पहुंचे। लकी के न मिलने पर दबंगों ने महिलाओं से गाली-गलौज किया। मना करने पर दबंगों ने तीन राउंड फायर किए। गोली उनकी मां कांति देवी (45) पत्नी रामकिशन के पेट और दादी रामकली (62) के कमर के नीचे हिस्से में जा लगी।
घटना की सूचना पर रामकिशन व पुलिस मौके पर पहुंची। सभी को ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल कांती देवी को लखनऊ रेफर कर दिया गया। बुजुर्ग रामकली का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। घटना की जानकारी पर सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी जिला अस्पताल पहुंचे। पीड़ित से पूछताछ की। एसओ खीरी अजीत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।