बेलरायां मृतक कुमार गुप्ता के घर पर लगी भीड़
बेलरायां। सिंगाही-बेलरायां रोड पर चीनी लदे ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार हरद्वाही निवासी कपड़ा व्यापारी की मौत हो गई। हादसे में व्यापारी पुत्र बाल-बाल बचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से भागे चीनी लदे ट्रक को निघासन में पकड़ लिया गया, जबकि चालक भाग गया।
गांव हरद्वाही निवासी सुनील कुमार ने बताया कि सोमवार की देर शाम वह 50 वर्षीय पिता प्रेम कुमार गुप्ता के साथ सिंगाही बाजार से खरीदारी कर बाइक से बेलरायां लौट रहे थे। बेलरायां-सिंगाही रोड पर बाइक बेलरायां मिल से चीनी लादकर आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में प्रेम कुमार गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा सुनील कुमार उछलकर दूर जा गिरा। पुत्र सुनील के हाथ व सिर में चोट लगी। इस बीच चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया।
घटना की सूचना पर पहुंची सिंगाही पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। व्यापारी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार में पत्नी, तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सिंगाही थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटनास्थल से भागा चीनी लदे ट्रक को निघासन में पकड़कर सिंगाही थाने में खड़ा किया गया है। ट्रक चालक भाग गया।
बेलरायां मृतक कुमार गुप्ता के घर पर लगी भीड़