लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा क्रॉस केस मामले में बुधवार को एडीजे सुनील कुमार वर्मा की अदालत में दसवें गवाह के बयान दर्ज हुए, हालांकि वकीलों की हड़ताल के चलते जिरह नहीं हो सकी। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 10 अक्तूबर की तारीख मुकर्रर की है।
तिकुनिया हिंसा के क्रॉस केस मामले में बुधवार को प्रथम एडीजे सुनील कुमार वर्मा की अदालत में सुनवाई हुई। गवाह के रूप में तिकुनिया कस्बे से आरडी राय उपस्थित हुए। एडीजे सुनील वर्मा ने पत्रावली खुद अपने हाथों में लेकर पूछ-पूछ कर साक्षी के बयान दर्ज किए। उसने बताया कि तीन अक्तूबर को आयोजित दंगल के दौरान पूरा दिन आशीष मिश्रा मोनू मंच पर ही मौजूद रहे थे। अभियोजन की ओर से बयान दर्ज होने के बाद जिरह करने के लिए कोई उपस्थित नहीं हुआ।