खमरिया। थाना ईसानगर के अंतर्गत ग्रामसभा रायपुर के मजरा बेलागढ़ी में साथियों के साथ घाघरा नदी में नहाने गया किशोर पानी के तेज बहाव में लापता हो गया।
राकेश कुमार का 16 वर्षीय पुत्र शीलू और उसका भाई नीलू बृहस्पतिवार शाम करीब तीन बजे गांव के सात-आठ साथियों के साथ घाघरा नदी में नहाने गए थे। नदी में नहाते समय पानी के तेज बहाव में फंसकर शीलू डूबने लगा। जब साथियों ने उसे डूबते देखा तो चीखने और चिल्लाने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की।
सूचना मिलने पर थाना ईसानगर प्रभारी पंकज त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों को सूचना दी। गोताखोर किशोर को ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया की एनडीआरएफ की टीम ईसानगर पहुंच कर किशोर की तलाश करेगी। शीलू के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। शीलू और नीलू दोनों भाई एक साथ रहते थे।