लखीमपुर खीरी। खेत में धान की पौध रोपने के बाद घर जाते समय नाले में नहाने उतरा किशोर पानी के तेज बहाव में बहाव गया। मंगलवार सुबह घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर उसका शव बरामद हुआ। किशोर का शव बरामद होने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना ढखेरवा-धौरहरा मार्ग पर कांती देवी इंटर कॉलेज के पास नाले के पास की है। गांव लखनपुरवा निवासी लक्खू गौतम का 17 वर्षीय पुत्र अंकित गौतम सोमवार की दोपहर पड़ोस के साथियों के साथ खेत पर धान के पौध की रोपाई करने गया था। साथियों के अनुसार, अंकित शाम को खेत से लौटते समय नाले में नहाने लगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया।
पानी में डूबकर किशोर लापता हो गया। घटना की सूचना परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया। अंधेरा हो जाने की वजह से उसकी तलाश नहीं हो सकी। मंगलवार की सुबह अंकित का शव नाले से करीब 200 मीटर दूरी पर बरामद हुआ। अंकित अपने छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।