धनगढ़ी-नेपाल में गुलदार के हमले में घायल हुई महिला। संवाद
धनगढ़ी (नेपाल)। सीमा से लगे बर्दिया नेशनल पार्क के बैरिया गांव के जंगल में लकड़ी बीनने गए किशोर की बाघ के हमले में मौत हो गई। दूसरी तरफ, गुलरिया गांव में गुलदार के हमले में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए।
भारतीय सीमा से लगे बर्दिया जिले के एसपी सुधीर राज शाही ने बताया कि बर्दिया नेशनल पार्क सीमा के बैरिया गांव के पास जंगल में गांव निवासी 12 वर्षीय सुमित चौधरी लकड़ी बीनने गया था। पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर वनकर्मी व पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उधर, बर्दिया जिले की गुलरिया गांव पालिका के एक खेत में छिपे बैठे गुलदार ने मोहनलाल चौधरी व वार्ड 11 निवासी एक महिला पर हमला कर घायल कर दिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुलदार इससे पूर्व एक वनकर्मी समेत आठ लोगों को घायल कर चुका है। गुलदार को पकड़ने के लिए बर्दिया पार्क की टीम भी भेजी गई है।