लखीमपुर खीरी। परिषदीय विद्यालयों के अध्यापक अब हाईटेक हो जाएंगे। शिक्षक अब अपनी उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करेंगे, जिससे देर से आने वाले अध्यापकों पर शिकंजा कसेगा। साथ ही 12 से ज्यादा रजिस्टर ऑनलाइन हो जाएंगे। इसके लिए पहली बार में पांच हजार अध्यापकों को टैबलेट वितरण किया जा रहा है।
परिषदीय विद्यालयों में तैनात अध्यापकों के पास बच्चों को पढ़ाने के अलावा तमाम विभागीय कार्य होते हैं। विद्यालय के रजिस्टरों को दुरुस्त रखने का जिम्मा भी अध्यापकों का होता है। ऐसे में शासन ने अध्यापकों को हाईटेक और विद्यालयों को पेपरलेस बनाने की कवायद शुरू की थी। जिले में संचालित हो रहे परिषदीय विद्यालयों में तैनात अध्यापकों को टैबलेट वितरण का कार्य शुरू करवा दिया गया है। अब स्कूलों में चलने वाले 12 रजिस्टर का सारा डाटा आनलाइन फीड किया जाएगा।
इसके अलावा बच्चों को डिजिटल ज्ञान देने की भी राह आसान होगी। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम चरण में पांच हजार अध्यापकों को टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं। टैबलेट मिलने के बाद विद्यालय में डिजिटल कार्य आसान होंगे।
इन रजिस्टरों का डाटा होगा ऑनलाइन
प्रवेश रजिस्टर, कक्षावार छात्र उपस्थिति, एमडीएम रजिस्टर, समेकित निशुल्क सामग्री वितरण व स्टॉक रजिस्टर, आय-व्यय व चेक जारी करने वाला रजिस्टर, बैठक, निरीक्षण, पत्र व्यवहार, बाल गणना, पुस्तकालय व खेलकूद रजिस्टर।
निरीक्षण के समय कई बार नहीं मिलते थे रजिस्टर
निरीक्षण के दौरान कई बार मौके पर रजिस्टर ही नहीं मिल पाते थे। कमियां छुपाने के लिए शिक्षक रजिस्टर नहीं दिखाते थे। इससे अधिकारियों को सही जानकारी नहीं हो पाती थी। अब प्रेरणा एप पर सभी सूचनाएं फीड कराई जाएंगी।