लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन हो गई है। समाज कल्याण कार्यालय को अब तक 112 आवेदकों के ऑनलाइन आवेदन मिल चुके हैं। विभाग को 250 शादियों के लिए 1.27 करोड़ से अधिक धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। अक्तूबर-नवंबर में इनके यहां शहनाई बजेगी।
समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि आवेदकों से पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। उम्र और वैवाहिक स्थिति को लेकर बीडीओ और ईओ स्तर से सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के बाद निर्धारित तारीख पर शादियां कराई जाएंगी। बताया कि मुख्यमंत्री विवाह योजना में शादी करने वाली विधवा, तलाकशुदा व परित्यक्ता के खाते में 40 हजार रुपये भेजे जाएंगे, जबकि पांच हजार रुपये का सामान दिया जाएगा।
अन्य जोड़ों को 10 हजार रुपये का सामान और खाते में 35 हजार रुपये भेजे जाएंगे। सामूहिक विवाह योजना में सामान, खर्च व धनराशि मिलाकर कुल 51 हजार रुपये दिए जाते हैं।