खीरी टाउन। एलआरपी के पास अंडरग्राउंड 33 केवीए उपकेंद्र का केबल जलने से खीरी टाउन में पूरी रात बिजली गुल रही। बिजली न मिलने से कस्बे के करीब 70 हजार से अधिक आबादी प्रभावित रही। गर्मी से तो हाल बेहाल रहा। साथ ही लोगों के घरों का पानी खत्म हो गया। कस्बा वासियों को करीब 14 घंटे बाद सप्लाई नसीब हो सकी।
फॉल्ट की वजह से मंगलवार देर शाम करीब सात बजे खीरी टाउन की सप्लाई गुल हो गई। कस्बा वासियों ने अधिशाषी अभियंता और उपकेंद्र पर फोन लगाया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। लोगों ने उमस भरी गर्मी में रात जागकर काटी। सुबह स्कूल जाने के लिए छात्र-छात्राओं को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने तो किराए पर जनरेटर मंगाकर पानी भरवाया।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे 14 घंटे के बाद बिजली सुचारु हो सकी। बिजली मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। अधिशासी अभियंता विमल कुमार ने व्हाट्सएप पर खराब तार और लाइन की फोटो डाल दी, लेकिन फोन किसी का नहीं उठाया। इससे लोगों में खासा नाराजगी दिखाई दी।
-
लखीमपुर में रात में पांच घंटे बाधित रही बिजली
लखीमपुर खीरी। फॉल्ट के चलते कलक्ट्रेट बिजलीघर के अधिकांश फीडरों की सप्लाई पांच घंटों तक बाधित रही। रात 10 बजे बत्ती गुल हो गई थी, जो तीन बजे के आसपास आई। पूरी रात लोगों ने जागकर काटी। लोगों ने जेई को फोन किया, लेकिन उनको फोन नहीं उठा सका। ऐसे में लोगों ने सोशल मीडिया पर गुस्सा व्यक्त किया। कलक्ट्रेट उपकेंद्र के मोहल्ला गंगोत्रीनगर, शाहपुरा कोठी, हिदायतनगर, सुआगाड़ा, प्यारेपुरे, नौरंगाबाद समेत अन्य मोहल्ले प्रभावित रहे। एसडीओ सफरुद्दीन अंसारी ने बताया कि रात तीन बजे सप्लाई चालू हो गई थी। अब सब सही है। संवाद