लखीमपुर खीरी। राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए रमियाबेहड़ ब्लॉक के दुलही के प्रधानाध्यापक के नाम का चयन होने पर शिक्षा विभाग में खुशी की लहर है। उन्होंने पिछले साल भी राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन किया था, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी। दूसरी बार में यह सफलता प्राप्त हुई है। बताया कि पुरस्कार के लिए चयन होने के बाद गर्व महसूस हो रहा है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय दुलही में तैनात शिक्षक ओमप्रकाश राज्य शिक्षक पुरस्कार योजना के तहत चयनित हुए हैं। ओमप्रकाश ने बताया कि अप्रैल मई के महीने में इस योजना के लिए आवेदन किया था। जिला स्तरीय कमेटी ने सभी नियम शर्तों पर खरा उतरने के बाद उनका नाम स्टेट लेवल के लिए भेजा था। जिले से कुल तीन शिक्षकों के नाम भेजे जाते हैं, जहां से एक शिक्षक को चुना जाता है।
राज्य पुरस्कार योजना के चयनित होने के बाद 25 हजार रुपये की नगद धनराशि, एक वेतनवृद्धि, सेवा में दो साल की बढ़ोतरी के साथ ही अन्य तमाम सुविधाएं मिलती हैं। बताया कि यह पुरस्कार विद्यालय में शिक्षण कार्य, अन्य एक्टिविटी, शैक्षिक स्तर सहित कई अहम बिंदुओं को ध्यान में रखकर किया जाता है। कमेटी के सदस्य 80 अंकाें के आधार पर मूल्यांकन करते हैं, जबकि स्टेट लेबल पर होने वाले साक्षात्कार के दौरान 20 अंकों पर कार्यों का मूल्यांकन किया जाता है। फिलहाल पुरस्कार के लिए चयनित होने के बाद जिले के शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
इनसे सीखें... ताकि शैक्षिक स्तर में हो सुधार
लखीमपुर खीरी। यूपीएस दुलही में जिस तरह से शिक्षक ओमप्रकाश ने कार्य करते हुए नामांकन बढ़ाने के अलावा अन्य विद्यालय परिसर को बेहतर बनाने का प्रयास किया है। यही प्रयास यदि हर विद्यालय के शिक्षक करें तो निश्चित तौर पर विद्यालयों का कायाकल्प होने के साथ ही शैक्षिक स्तर में भी सुधार होगा। जिले में कुल 3106 परिषदीय स्कूल संचालित किये जा रहे हैं, जिनमें 8892 शिक्षक तैनात हैं। बताते हैं कि विद्यालय में शिक्षण कार्य, अन्य एक्टिविटी, शैक्षिक स्तर सहित कई अहम बिंदुओं को ध्यान में रखकर पुरस्कार दिया जाता है।
ओमप्रकाश शिक्षक
ओमप्रकाश शिक्षक