लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र में स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। हादसा बुधवार सुबह उस वक्त हुआ, जब दोनों बाइक से स्कूल जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक हादसा कोहरा और वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ है।
बुधवार की सुबह करीब आठ बजे अटकोहना सलारपुर गांव निवासी करतार सिंह पुत्र कुलविंदर (20) और उसकी छोटी बहन नवदीप कौर (18) बाइक से महेवागंज के ग्रीन फील्ड स्कूल आ रहे थे। नवदीप इंटर की छात्रा थी। लखीमपुर-पलिया हाईवे पर सुंदरवल चौराहे से आगे पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कूल बस ने ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक को टक्कर मार दी।
बस के नीचे आ गई थी छात्रा
टक्कर लगते ही बाइक हाईवे पर गिरी और पीछे बैठी नवदीप कौर बस के नीचे आ गई। हादसे में नवदीप की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भाई करतार गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बताया कि मृतक नवदीप दो ही भाई-बहन थे। परिवार में माता-पिता और इकलौता बेटा ही बचा है।