संसारपुर। कस्बे से निकले लखीमपुर-पीलीभीत हाईवे पर डिवाइडर के बीच लगी स्ट्रीट लाइट छह माह बाद भी रोशन नहीं हो सकी है। शाम होते ही हाईवे पर अंधेरा छा जाता है। इस कारण कस्बे से आवागमन करने वालों को दिक्कत होती है। कुछ समय पहले ट्रक की टक्कर लगने से एक खंभा भी टूट गया था।
नेशनल हाईवे-730 पर संसारपुर कस्बे में करीब छह माह पूर्व डिवाइडर बनाया गया था। डिवाइडर के बीच स्ट्रीट लाइट के खंभे लगाए गए थे। उम्मीद थी कि जल्द ही कस्बे से गुजरे हाईवे पर प्रकाश की व्यवस्था बेहतर हो जाएगी। छह माह बीतने के बाद भी स्ट्रीट लाइट शोपीस बनी हैं। एनएचएआई अब तक इनका बिजली कनेक्शन ही नहीं करा सका है। दिवाली निकट है। इससे बाजार में भी भीड़ रहती है।
हाईवे पर शाम से ही अंधेरा छा जाता है। कस्बे के व्यापारी किशोर गुप्ता, मनोज गुप्ता, संजीव कनौजिया, राकेश जायसवाल, मुन्ना अंसारी, मुकर्रब अली, डॉक्टर मुकेश वर्मा आदि ने बताया कि प्रकाश व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार सजग नहीं हैं। स्ट्रीट लाइट के सिर्फ खंभे ही खड़े हैं। कस्बे के दुकानदारों और हाईवे से गुजरने वालों को ही इसका लाभ मिल रहा है। नेशनल हाइवे के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर शुभ नारायण ने बताया कि स्ट्रीट लाइट के बिजली कनेक्शन की फीस जमा हो चुकी है। कनेक्शन होते ही स्ट्रीट लाइटें जलने लगेंगी।
डिवाइडर पर लगी हैं 15 स्ट्रीट लाइट, एक का खंभा टूटा
हाईवे पर लगभग 500 मीटर तक बने डिवाइडर पर 15 स्ट्रीट लाइट लगवाई गईं हैं। दो माह पूर्व जिला सहकारी बैंक के सामने लगे खंभे से ट्रक टकरा गया था। टक्कर से खंभा टूट गया था, जो आज तक उसी हालत में पड़ा है। खंभे को अब तक सही नहीं कराया गया है।
संसारपुर बाजार में हाईवे के किनारे तेल का कोल्हू लगा है। त्योहार का समय होने की वजह से बाजार में भीड़ अधिक रहती है। स्ट्रीट लाइट न जलने से हाईवे पर हादसे का भय रहता है। - मुकर्रब अली
हाईवे के किनारे मकान है। हाईवे पर स्ट्रीट लाइट ताे लंबे समय से लगी हैं, लेकिन बिजली का कनेक्शन न होने से जलती नहीं हैं। रात में अंधेरा बना रहता है। - सौरभ गुप्ता, संसारपुर
मुबर्रक अली
मुबर्रक अली
मुबर्रक अली