लखीमपुर खीरी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि बीते छह अक्तूबर को उन्होंने नकहा ब्लॉक के एक स्कूल का सुबह 8.15 पर निरीक्षण किया, जहां तमाम अनियमितताएं मिलीं। रिपोर्ट देखकर बीएसए ने पूरे स्टाफ का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश जारी कर दिया है। चर्चा है कि जब स्कूल खुलने का समय 8:45 बजे है, तो डीपीओ ने 8.15 पर निरीक्षण कैसे कर लिया। वहीं, बीएसए इसे लिपिकीय त्रुटि बता रहे हैं।
जिले में 3106 परिषदीय विद्यालय हैं। इसमें छह लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। निरीक्षण की आख्या को बिना संज्ञान लिए बीएसए ने पूरे स्टाफ का वेतन बाधित करने का आदेश जारी कर दिया। इस आदेश से विभागीय कार्यशैली पर सवालिया निशान उठ रहा है। बता दें कि छह अक्तूबर को जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सुबह 8:15 बजे नकहा के पतरासी उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर बंद पाया गया था और एक भी कर्मचारी मौजूद नहीं पाया गया था। इस पर कार्यक्रम अधिकारी ने अपनी आख्या रिपोर्ट बीएसए को देते हुए कार्रवाई किए जाने की बात कही थी। डीपीओ की आख्या मिलने के बाद बीएसए ने सभी कर्मचारियों का वेतन बाधित करने का आदेश जारी कर दिया। आदेश की कॉपी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग विभाग की कार्यशैली पर तरह तरह के सवाल उठा रहे।
वर्जन
डीपीओ के 11.30 बजे किए गए निरीक्षण की आख्या रिपोर्ट में लिपकीय त्रुटि होने के चलते समय 8.15 लिख गया था। निरीक्षण के दौरान कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं मिला था। लिपकीय त्रुटि करने वाले कर्मचारी के साथ साथ विद्यालय के स्टाफ को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
- प्रवीण कुमार पांडेय, बीएसए