लखीमपुर खीरी। डायट में प्रशिक्षण ले रहे डीएलएड के प्रशिक्षुओं को अत्याधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आईसीटी लैब को बनाने की स्वीकृति मिली है। बताया जा रहा है कि डायट में लैब निर्माण के लिए 26 लाख रुपयों का बजट मिला है। लैब बन जाने के बाद डीएलएड प्रशिक्षुओं को काफी आसानी होगी।
मौजूदा समय में 183 डीएलएड प्रशिक्षु अध्ययनरत हैं। इन प्रशिक्षुओं को हाईटेक और आधुनिक ट्रेनिंग दिलाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आईसीटी लैब की स्थापना की जाएगी। शासन की तरफ से इसको लेकर स्वीकृति भी मिल चुकी है। 26 लाख की लागत से लैब की स्थापना की जाएगी। लैब में 30 कंप्यूटर लगाए जाएंगे।
क्या है आईसीटी लैब
आईसीटी यानी इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी के तहत डायट में लैब की स्थापना की जाएगी। इस लैब में पेपरलेस कार्य को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, डीएलएड प्रशिक्षुओं को अत्याधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण भी मिल सकेगा। डायट के काम भी ऑनलाइन और अपग्रेड तरीके से हो सकेंगे।