पंचायत चुनाव में खैरताली गांव की महिलाओं द्वारा दाम, दारू और दावत के खिलाफ गुरुवार से चलाई गई मुहिम अन्य गांवों में भी फैलने लगी है। इसको लेकर क्षेत्र पंचायत की अन्य ग्राम पंचायतों की महिलाएं भी इसका विरोध करते हुए इसमें शामिल हो गई हैं। दर्जनों पंचायतों के मजरों की महिलाओं ने भी वोट के लिए मतदाताओं को दारू पिलाने और पैसा बांटने वालों का बहिष्कार करने का एलान किया है। महिलाओं के विरोध को लेकर संभावित बीडीसी सदस्य और जिला पंचायत उम्मीदवार असमंजस की स्थित में हें। निकटवर्ती गांव अमीन नगर, कोठीपुर, श्यामपुर, झाऊपुर, झालापुर, ग्रंट नंबर 3, प्रतापपुर, बांकेपुर, पसियापुर आदि की सीमा देवी, कौशल्या देवी, सुषमा देवी, पुष्पा देवी, अंजू, बिंदू, नीलम देवी आदि अनेक महिलाओं ने बीडीसी और जिला पंचायत चुनावों में दारू और पैसों से वोट खरीदने वाले उम्मीदवारों के बहिष्कार का फैसला किया है। इन महिलाओं का आरोप है कि पिछले कुछ चुनावों से अधिकतर उम्मीदवार वोट के लिए दारू और पैसा बांटने की परंपरा डाल कर मतदाताओं को बेवकूफ बना कर उनके वोट हथिया लेते है। ऐसे में पैसे से खरीदे गए वोटों से चुनाव जीतने के बाद संबधित प्रत्याशी फिर पांच साल तक गांव में झांकने नहीं आते। इससे गुस्साई क्षेत्र की महिलाओं ने लामबंद होकर ऐसे उम्मीदवारों का बहिष्कार करते हुए चुनाव में किसी भी हाल में वोट नहीं देने का फैसला किया है। उधर ऐन चुनाव के दौरान महिलाओं की मुहिम को देख कर संभावित उम्मीदवार असमंजस की स्थिति में हैं। उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि वे महिलाओं को कैसे इस बात का भरोसा दिलाएं कि वे चुनाव जीतने के लिए ऐसा कोई भी हथकंडा नहीं अपनाएंगे। महिलाओं की मुहिम क्षेत्र में चर्चा बन गई है।